संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-86 स्थित निजी अस्पताल में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अस्पताल और निजी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेयर प्रवीण बत्रा जोशी उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं के साहस और बहुमुखी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक महिला में वह शक्ति है कि वह कुछ भी कर सकती है और सब कुछ हासिल कर सकती है। बस जरूरत है खुद पर विश्वास रखने की। मेयर ने कहा कि समाज में अफवाहें और चुनौतियां हर कदम पर मिलती हैं, लेकिन एक नारी अपनी पीड़ा को छिपाकर परिवार की खुशी के लिए समर्पित रहती है।
इस अवसर पर अस्पताल की वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनाली गुप्ता और वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सबिता कुमारी ने महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तीकरण पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट महिलाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।