संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाली तीज बुधवार को मनाई जाएगी। हरियाली तीज पर्व को लेकर शहर के बाजार सज गए हैं। तीज के व्रत की तैयारियां घरों में सोमवार से शुरू हो गईं हैं। महिलाओं ने मेहंदी रचाने से लेकर व्रत के सामान की खरीदारी शुरू कर दी है। सोमवार को बाजारों में काफी चहल-पहल रही। महिला पति की दीर्घायु व सौभाग्य के लिए व्रत रखती है। हरियाली तीज के व्रत का सामान भी बाजारों में मिलने लगा है।
सेक्टर-18 निवासी राखी ने बताया कि हरियाणा और राजस्थान में हरियाली तीज का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। सुहागिन की पहली तीज होने पर इस पर्व की खुशी और बढ़ जाती है। सुहागिनें पहली तीज अपने मायके में मनाती हैं और ससुराल पक्ष से उनके पास सिंधारा जाता है। सिंधारे में सूट, साड़ी, शृंगार का सामान, जूलरी के साथ पर्व की खास मिठाई घेवर भी शामिल होती है। शहर के प्रमुख बाजारों ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी और सराय बाजार में सुबह से ही महिलाएं खरीदारी करने पहुंची। तीज के त्योहार को देखते हुए मेहंदी लगाने वालों ने दाम भी बढ़ा दिए थे। महिलाओं ने बताया कि बाजार में एक हाथ पर मेहंदी लगाने वाले 300 रुपये तक वसूल रहे हैं। इसके अलावा तीज पर सजने के लिए महिलाओं ने ब्यूटी पार्लर की बुकिंग शुरू कर दी है। वहीं, शृंगार के समान से सजी डलिया 150 से लेकर एक हजार तक बिक रही है।
सोसाइटी में चल रही तीज की तैयारी
सेक्टर-86 स्थित प्रिसेंस पार्क सोसाइटी, सेक्टर-70 स्थित आगमन सोसाइटी में नृत्य, गायन, डीजे लगाया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-18 स्थित सामुदायिक भवन, सेक्टर- 31, सेक्टर- 88 स्थित आरपीएस सवाना सोसाइटी, अमौलिक हाइट, आरपीएस पाम ड्राइव, एसआरएस रेजीडेंसी, एसआरएस पर्ल और सेक्टर -37 शिव मंदिर सहित करीब 100 से अधिक स्थानों पर तीज का त्योहार की तैयारियां महिलाएं जोर शोर से कर रही है।
महिलाओं की बातचीत
तीज का त्योहार हरियाली और खुशियों का प्रतीक है। इस त्योहार पर महिलाएं 16 शृंगार करती हैं। भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना कर पति की लंबी आयु की कामना करती है। पार्क प्लाजा में महिलाओं ने मिलकर तीज उत्सव मनाया है।
-हरप्रीत कौर, ओल्ड फरीदाबाद निवासी
कई सालों के तप के बाद पार्वती ने भगवान शिव को पाया था। मैं इस व्रत को लेकर काफी खुश हूं। यह मेरा पहला पर्व है। मैं पति की लंबी आयु और परिवार की सुख शांति के लिए इस व्रत को विधि विधान से करूंगी।
- योगिता, सेक्टर-19 निवासी