राधा अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में शनिवार को राधा अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। राधा रानी के जन्मोत्सव को लेकर सेक्टरों, हाउसिंग सोसाइटियों, मंदिरों और विभिन्न संस्थानों में विशेष आयोजन किए गए। महिलाओं ने राधा रानी के लिए उपवास रखा और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिनभर राधा-कृष्ण के भजनों और मंगल गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
राधा अष्टमी के अवसर पर सेक्टरों और सोसाइटियों के मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। मंदिरों में महिलाओं ने एकत्र होकर मंगल गीत और भजन गाए। सेक्टर- 3, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 15, 16, 31, 37, आगमन सोसाइटी, पुरी प्राणायाम, समर पाम, ओमेक्स सहित कई सोसाइटियों में विशेष पूजा-अर्चना और आरती की गई। श्रद्धालुओं ने राधा रानी को मिष्ठान्न और फल का भोग लगाया। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन के साथ प्रसाद वितरण भी किया गया।
शहर के प्रमुख मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। राधा-कृष्ण मंदिर, इस्कॉन मंदिर समेत अन्य मंदिरों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शाम के समय भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे।
बैंड-बाजे और डीजे के साथ भव्य यात्रा निकाली
राधा नाम के दीवाने संस्था की ओर से चावला कॉलोनी में श्री राधा नाम संकीर्तन और भंडारे का आयोजन किया गया। संस्था के सचिव नितिन मित्तल आशीष ने बताया कि भाटिया कॉलोनी से बैंड-बाजे और डीजे के साथ भव्य यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर गुलाब के फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। इसके बाद राधा रानी के फूल बंगले और राधा-कृष्ण की जुगल जोड़ी के दरबार में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक पंडित मूलचंद शर्मा, मार्केट कमेटी की वाइस चेयरमैन कांता बंसल और बिशन बंसल ने दीप प्रज्वलित कर संकीर्तन का शुभारंभ किया। गायकों ने भजनों की प्रस्तुति दी। श्रद्धालुओं ने डांडिया के साथ भजनों का आनंद लिया। कोषाध्यक्ष दिनेश मंगला ने बताया कि 500 राधा नाम लेखन पुस्तिकाएं वितरित की गईं।