फरीदाबाद। सूरजकुंड में 27 सितंबर को आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 को लेकर जिला वासियों में खासा उत्साह है। आयोजन के लिए अब तक 1,27,030 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। जिला प्रशासन के अनुसार मैराथन को खेल आयोजन के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष मैराथन का मुख्य संदेश ‘ड्रग-फ्री हरियाणा’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। प्रशासन का मानना है कि मैराथन में शामिल होने वाला प्रत्येक प्रतिभागी नशामुक्ति के संदेश को आगे पहुंचाने में भूमिका निभाएगा।
मैराथन में 5 किमी, 10 किमी और 21 किमी की श्रेणियां रखी गई हैं। इनमें अलग-अलग आयु वर्ग और पृष्ठभूमि के लोग हिस्सा ले सकेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों के साथ तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रशासन की ओर से शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक संगठनों, खेल संस्थानों, ग्रामीण क्षेत्रों और सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय किया जा रहा है। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। ब्यूरो