कर्मचारी का आरोप, बार-बार कहने के बावजूद सुरक्षा उपकरण नहीं कराए उपलब्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। मुंडकटी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में महिला कर्मचारी की मशीन में आने से उंगली कट गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कंपनी के एचआर, मैनेजर और मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मीतनौल निवासी ज्योति ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि वह 11 हजार रुपये मासिक वेतन पर एक निजी कंपनी में कार्यरत है। उसने कंपनी प्रबंधन को पहले ही बता दिया था कि उसे मशीन चलाने का अनुभव नहीं है, इसके बावजूद एचआर रविंद्र, मैनेजर और मालिक अजय ने उससे जबरन मशीन पर काम कराया। आरोप है कि बार-बार मांगने के बावजूद उसे दस्ताने, हेलमेट, जूते सहित कोई भी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए।
महिला ने बताया कि 14 जुलाई की शाम मशीन चलाते समय उसका बायां हाथ मशीन में फंस गया, जिससे उसकी तर्जनी उंगली गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान चिकित्सकों को उंगली का क्षतिग्रस्त हिस्सा काटना पड़ा।
मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।