- हादसे के बाद चालक, ट्रक छोड़कर फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एस्कॉर्ट मुजेसर मेट्रो स्टेशन के समीप तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से पैदल सड़क पार कर रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने घायल को बीके अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे दिल्ली सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार दोपहर को 45 वर्षीय महिला बसंती सड़क पार कर रही थी। तभी तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने महिला में टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के कारण ट्रक चालक ने अचानक से ब्रेक लगा दिया। जिसके चलते पीछे चल रही स्कॉर्पियो गाड़ी ने ट्रक में टक्कर मार दी और गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बसंती को उपचार के लिए बीके अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर होने के कारण दिल्ली सफदरजंग रेफर कर दिया। सेक्टर 11 पुलिस चौकी इंचार्ज मोहित ने बताया कि घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। वहीं पुलिस ट्रक को चौकी में लेकर आ गई है। महिला के परिजनों की शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।