खाता मुहैया कराने वाला गिरफ्तार, टेलीग्राम चैनल पर तीन गुना मुनाफे का दिया था लालच
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम पर फर्जी निवेश योजना का विज्ञापन दिखाकर सेक्टर-9 निवासी महिला से 1.39 लाख से अधिक की ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के बूंदी निवासी दिलखुश के रूप में हुई है।
उसे 25 जुलाई को बूंदी से गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस इस मामले में एक अन्य आरोपी अखिलेश को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार महिला ने बताया कि 16 जुलाई 2026 को उसके टेलीग्राम पर एक चैनल का विज्ञापन आया था। इसमें न्यूनतम 30 हजार रुपये निवेश करने पर तीन गुना मुनाफे का दावा किया गया। महिला ने झांसे में आकर यूपीआई के माध्यम से 30 हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद ठगों ने फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर निवेश की रकम करीब 1.88 लाख रुपये दिखा दी।
रकम निकालने के लिए रिटर्न शुल्क के नाम पर 56,691.50 रुपये और जीएसटी के नाम पर 52,911 रुपये जमा कराए गए। इसके बाद भी रकम वापस नहीं की गई और अकाउंट शुल्क के नाम पर 57 हजार रुपये और मांगे गए। ठगी का पता चलने पर महिला ने पुलिस को शिकायत दी। साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच में सामने आया कि दिलखुश ने खाताधारक चिरंजीलाल का बैंक खाता अखिलेश से लेकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इसी खाते में ठगी की 52,911 रुपये की रकम आई थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि रिमांड के दौरान उससे ठगी के नेटवर्क और अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।