बल्लभगढ़। ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान ग्राहक सेवा नंबर सर्च करना युवक को भारी पड़ गया। फर्जी हेल्पलाइन नंबर के जरिए साइबर ठगों ने सेक्टर-84 निवासी युवक के बैंक खाते से 98 हजार रुपये उड़ा लिए। मामले की शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम ब्रांच सेंट्रल थाना सेक्टर-17 पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-84 स्थित जे-ब्लॉक निवासी अनिल कुमार ने बताया कि 11 मई को फ्लिपकार्ट के माध्यम से एक टी-शर्ट ऑनलाइन मंगवाई थी। सामान मिलने पर टी-शर्ट का साइज छोटा निकला। इसके बाद उन्होंने गूगल पर फ्लिपकार्ट का हेल्पलाइन नंबर सर्च किया और कॉल की। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को फ्लिपकार्ट कर्मचारी बताते हुए कहा कि टी-शर्ट वापस नहीं होगी लेकिन पैसे खाते में रिफंड कर दिए जाएंगे। आरोपी ने अनिल कुमार को अपना गूगल पे चेक करने के लिए कहा। जब खाते में कोई रकम नहीं आई तो आरोपी ने दो मिनट बाद दोबारा चेक करने को कहा। इसी दौरान शिकायतकर्ता का मोबाइल अचानक हैंग हो गया। करीब आधे घंटे बाद जब मोबाइल सामान्य हुआ तो अनिल कुमार के पास बैंक खाते से दो ट्रांजेक्शन के मैसेज आए। उनके एसबीआई खाते से 50 हजार और 48 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। बाद में खाते की डिटेल जांचने पर पता चला कि रकम पंजाब एंड सिंध बैंक के एक खाते में ट्रांसफर की गई है। संवाद