संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एटीएम से रुपये निकालने में मदद करने के बहाने महिला का एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रुपये निकाल लिए गए। महिला बैंक पहुंची तो पता चला कि 11 अक्तूबर से 14 अक्टूबर के दौरान खाते से एक लाख 59 हजार रुपये निकल गए हैं। महिला की शिकायत पर सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को सराय निवासी महिला भगवती ने शिकायत देकर बताया कि 11 अक्तूबर की रात 9 बजे एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकालने सराय मार्केट गई थी। लेकिन मशीन से रुपये नहीं निकले। तभी एक युवक आकर बोला आप डेबिट कार्ड मुझे दो, मैं मदद करता हूं। महिला ने डेबिट कार्ड युवक को दिया और वो कोशिश करने लगा। उसने डेबिट कार्ड का पिन नंबर पूछा लेकिन रुपये नहीं निकले। युवक ने महिला को एटीएम कार्ड दिया और महिला घर चली गई। रात लगभग सवा 9 बजे खाते से 5 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। सोमवार को महिला बैंक पहुंची और ट्रांजेक्शन को लेकर शिकायत की तो पता चला कि 11 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक उसके बैंक खाते से एक लाख 59 हजार रुपये निकले जा चुके हैं। महिला ने डेबिट कार्ड चेक किया तो पाया कि ये बदला हुआ है। जिसकी शिकायत पुलिस को दी। जिसपर सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है।