निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बनकर दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने लोन दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 4.50 लाख से ज्यादा ठग लिए। आरोपियों ने निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बनकर पीड़ित को फोन किया, फिर लोन के बदले इंश्योरेंस पॉलिसी लेनी होगी कहकर रुपये ट्रांसफर करा लिए। जिसके बाद अन्य लोगों ने लोन दिलाने और रिफंड कराने के नाम पर रुपये खाते में मंगवा लिए।
पुलिस को लक्कड़पुर शिव दुर्गा विहार निवासी पप्पू ने शिकायत देकर बताया कि उनको कुछ समय पहले एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एक कंपनी का कर्मचारी संजीव चावला बताया और लोन दिलाने की बात कही। पप्पू ने 15 लाख रुपये के लोन की बात कही। आरोपी ने कहा कि लोन करा देंगे लेकिन बदले में इंश्योरेंस पॉलिसी लेनी होगी। लिंक भेजकर आरोपी ने एक लाख 25 हजार रुपये की पेमेंट करा ली। एक पॉलिसी नंबर भी बताया। फिर एक लाख रुपये की एक अन्य इंश्योरेंस पॉलिसी कराई। कंपनी के कर्मचारी बनकर कई लोगों ने अलग-अलग नंबरों से बात की। अलग-अलग बहाने से रुपये ट्रांसफर कराते रहे। रिफंड के नाम पर भी रुपये खाता में मंगवा लिए। इस प्रकार कुल चार लाख 49 हजार 997 रुपये आरोपियों ने ट्रांसफर करा लिए। आरोपियों ने बाद में कहा कि 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दो, आपका सारे रुपये रिफंड हो जाएंगे लेकिन शिकायतकर्ता ने राशि ट्रांसफर नहीं करते हुए मामले की शिकायत पुलिस से गई। प्राथमिक जांच के बाद साइबर क्राइम थाना एनआईटी ने ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।