गुरुग्राम। साइबर ठगों ने ई-सिम को अपने मोबाइल में अपडेट करके महिला के खाते से करीब साढ़े तीन लाख रुपये उड़ा लिए। टेलीकॉम कंपनी के कस्टमर केयर में ई-सिम अपडेट किए जाने की जानकारी मिली तो पीड़िता ने बैंकखाता चेक किया। जिसके बाद ठगी की घटना का पता चला। पीड़िता की शिकायत पर साइबर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को शिकायत देकर गुरुग्राम निवासी श्रेया अवस्थी ने बताया कि मोबाइल पर 14 से 18 मार्च के बीच काॅल, एसएमएस और नेटवर्क संबंधित दिक्कत हुई थी। उन्होंने टेलीकॉम कंपनी के कस्टमर केयर से बात की तो पता चला कि उनके बैंक खाते में लिंक मोबाइल नंबर को ई-सिम के माध्यम से किसी अज्ञात फोन में अपडेट किया गया है। इसके बाद उन्हाेंने बैंक खाता चेक किया तो ई-सिम की मदद से आरोपी द्वारा 19 मार्च को कई बार में 3,68,500 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी हुई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। साथ ही जिन खातों में रुपये भेजे गए हैं, उनकी जानकारी बैंकों से मांगी है।