संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। आगरा नहर में गांव प्रहलादपुर माजरा के पास बुधवार को एक किशोर का शव एनडीआरएफ की टीम ने ढूंढा है। एनडीआरएफ और पुलिस का दावा है कि गांव चंदावली के पास आगरा नहर में मंगलवार को देर शाम डूबे 10वीं के छात्र अनुज (17) का शव है। दावा है कि छात्र का शव डूबे स्थान से छह किलोमीटर दूर मिला है। वह गांव चंदावली के पास आगरा नहर में गिरी महिला को बचाने के लिए कूदा था। किशोर के शव का बीके अस्पताल में पोस्टमार्टम कर दिया गया है। दूसरी तरफ, अनुज के परिजनों का आरोप है कि यह शव किसी अनिल नाम के किशोर का है। उन्होंने बताया कि मिले शव के हाथ पर अनिल लिखा है, जबकि अनुज के हाथ पर उसका नाम लिखा था। अब बृहस्पतिवार को दोबारा से टीमें किशोर की नहर में तलाश करेंगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
सेक्टर 63 निवासी 40 वर्षीय मिथलेश नवरात्र की पूजा का सामान विसर्जित करने के लिए मंगलवार की शाम छह बजे गांव चंदावली स्थित आगरा नहर पर गई थीं। महिला का पैर फिसलने की वजह से वह आगरा नहर में गिर पड़ीं। महिला को डूबते देख गांव चंदावली निवासी अनुज भी नहर में कूद गया था। कुछ दूरी तक बहने के बाद महिला तैरकर सुरक्षित नहर से बाहर आ गईं, लेकिन किशोर का कुछ पता नहीं चला। घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने किशोर की नहर में तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। बृहस्पतिवार की दोपहर को करीब छह किलोमीटर दूर गांव प्रहलादपुर माजरा के पास आगरा नहर से एक किशोर का शव बरामद किया। मौके पर पुलिस ने जब अनुज के जीजा दीपू को शव दिखाया तो उन्होंने पहचान कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पोस्टमार्टम होने के बाद पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि शव अनुज का नहीं है।
-
हाथ पर छोटे अक्षरों में लिखा था अनुज
अनुज के बड़े भाई अमन ने बताया कि उनके छोटे भाई के हाथ पर अंग्रेजी के छोटे अक्षरों में अनुज लिखा हुआ था। जो शव नहर में पुलिस ने बरामद किया है उसके हाथ पर अनुज की बजाए अंग्रेजी के बड़े अक्षरों (कैपिटल लेटर) में अनिल लिखा हुआ है। उन्होंने अनुज का शव होने से इनकार कर दिया।
-
डीएनए से होगी पहचान
थाना प्रभारी उमेश ने दाव किया कि जो शव नहर में मिला है वह अनुज का ही है। 18 से 20 घंटे पानी में बॉडी होने की वजह से फूल गई है। इसके अलावा पानी के अंदर अधिक देर तक रहने से खाल भी फटने लगती है। इसलिए परिजन को हाथ पर लिखा हुआ नाम अनुज की बजाए अनिल नजर आ रहा है। परिवार वालों की संतुष्टि के लिए बृहस्पतिवार को दोबारा से एनडीआरएफ की टीम के साथ शव की तलाश की जाएगी। इसके अलावा शव का डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा। इसकी रिपोर्ट आने के बाद शव की पहचान हो जाएगी।
-
दोनों को आता था तैरना
थाना सदर प्रभारी उमेश का कहना है कि किशोर अनुज 10वीं कक्षा का छात्र है। किशोर के पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। अब वह गांव चंदावली में बड़े भाई और मां के साथ रहता है। उन्होंने बताया कि महिला मिथलेश और किशोर अनुज दोनों को तैरना आता था। महिला तैर कर सुरक्षित बाहर आ गई, लेकिन किशोर नहीं आ पाया।