पल्ला थाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी का मामला, मृतक की मां के बयान पर एफआईआर दर्ज
23 साल का बलराम नवंबर 2021 में स्वीटी को भगाकर ले गा था
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पल्ला थाना एरिया की शिव कॉलोनी में रहने वाले 23 साल के युवक बलराम ने फंदे से लटक आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि प्रेमिका की शादी कहीं और होने के चलते आहत होकर उसने अपनी जान दे दी। मृतक की मां ने पुलिस को बयान दिया है कि प्रेमिका के पिता की धमकी के चलते बेटे ने मौत को गले लगा लिया। प्रेमिका के पिता पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाकर उन्होंने पल्ला थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में टीम जांच कर रही है।
ये मामला रविवार सुबह सामने आया। महिला 55 साल की बेबी ने बताया कि वह यूपी सीतापुर के मूल निवासी हैं और अब यहां शिव कॉलोनी में रह रहे हैं। रविवार सुबह साढ़े 7 बजे 23 साल का छोटा बेटे बलराम नींद से जगा नहीं तो उसके कमरे का गेट खटखटाया। लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। महिला और बड़े बेटे कृष्ण ने खिड़की से देखा तो अंदर बलराम फंदे से लटका था। इनका कहना है कि बलराम नवंबर 2021 में शाहजहांपुर निवासी युवती स्वीटी को भगा ले गया था। बाद में स्वीटी के परिवार वाले उसे वापस ले गए। 2-3 महीने बाद ही बलराम और स्वीटी में फिर से बातें होने लगीं। बीते 3 साल से ये चल रहा था। एक सप्ताह पहले स्वीटी ने बलराम को बताया कि उसकी शादी पिता राजीव ने कहीं और तय कर दी है। स्वीटी ने बताया कि उसके पिता ने कहा है कि तेरी शादी में बलराम या उसके परिवार ने बाधा पहुंचाई तो वो सभी को जेल में डलवा देंगे। मां ने बेटे को काफी समझाया लेकिन एक सप्ताह से वह काफी परेशान था। आरोप है कि स्वीटी के पिता की धमकी के चलते ही उसने आत्महत्या कर ली।