हरियाणा स्वास्थ्य सेवा निदेशक ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप संधू ने ईएसआई मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मानसिक स्वास्थ्य, सीओटीपीए, टीबी नियंत्रण और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक में विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जमीनी स्तर पर सुधार के लिए जरूरी निर्देश जारी किए गए।
डॉ. संधू ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता और नियमित जांच अभियान तेज किए जाएं। उन्होंने सीओटीपीए के तहत तंबाकू और नशे के सेवन की रोकथाम के लिए जन जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ाने की बात कही।
टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मरीजों की समय पर पहचान और सही उपचार करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए विभाग को मिशन मोड में काम करना होगा।
आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) की समीक्षा करते हुए निदेशक ने कहा कि बच्चों में बीमारियों की पहचान समय पर हो और जरूरतमंदों को तुरंत इलाज मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर लागू किया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हो और आमजन को बेहतर सुविधा मिल सके। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा, उप सिविल सर्जन डॉ. राजेश, उप सिविल सर्जन डॉ. हरजिंदर और एसएमओ समेत अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।