अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए जिला परिषद ने सोमवार को प्रशिक्षण आयोजित किया। लघु सचिवालय में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों और ग्राम सचिवों ने भाग लिया। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिखा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में गांवों में कचरे के स्रोत पर ही पृथक्करण पर जोड़ दिया।
प्रशिक्षण के दौरान एसबीएमजी के जिला कार्यक्रम प्रवर्तक उपेंद्र सिंह ने चार स्तरीय कचरा पृथक्करण और गीले कचरे से खाद बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। सीईओ शिखा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमों को सभी ग्राम पंचायतों में प्रभावी ढंग से लागू कराया जाए। इसके लिए सरपंचों और वार्ड सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ग्रामीणों को लगातार जागरूक करने को कहा गया।कार्यक्रम के समापन पर स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले ग्राम सचिव अख्तर हुसैन, नंद किशोर, रविंद्र और शुभम को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।