दो साल के लिए निजी एजेंसी संभालेगी संचालन, एसजीएम नगर समेत पांच इलाकों के लोगों को मिलेगा फायदा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम वार्ड-19 में पेयजल आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए निजी एजेंसी को ट्यूबवेलों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी देगा। इस योजना पर नगर निगम 1.56 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी कर रहा है। चयनित एजेंसी करीब दो साल तक यह काम करेगी।
इस कदम से खराब ट्यूबवेलों को जल्द ठीक कराने और पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से बचाने में मदद मिलेगी। वार्ड-19 के एसजीएम नगर ब्लॉक, नेहरू कॉलोनी, नवादा कॉलोनी, बड़खल एन्क्लेव और सैनिक कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति ट्यूबवेलों पर निर्भर है। गर्मी के दौरान इन इलाकों में पानी की मांग बढ़ जाती है। ट्यूबवेल खराब होने या लंबे समय तक बंद रहने से लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है। नई व्यवस्था से मरम्मत में होने वाली देरी कम होगी। नियमित निगरानी से ट्यूबवेल चालू हालत में रहेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी में ट्यूबवेल खराब होने से पानी की किल्लत बढ़ जाती है। कई बार आपूर्ति प्रभावित होने पर टैंकरों का सहारा लेना पड़ता है।
वर्जन-
टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एजेंसी को जिम्मेदारी दी जाएगी। इससे लोगों को पानी की किल्लत से राहत मिलेगी।
- नितिन कादयान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम फरीदाबाद