एक नवंबर को बीके चौक से हार्डवेयर चौक तक निकलेगी पदयात्रा
20 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन प्रदर्शन के नाम पर हिंसा, अभद्र भाषा और अराजकता फैलाना स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस और विपक्षी दल देश में अस्थिरता पैदा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाना चाहते हैं, लेकिन उनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। वह बुधवार को सेक्टर-15 स्थित भाजपा जिला कार्यालय अटल कमल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
केंद्रीय राज्यमंत्री गुर्जर ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता परिवर्तन का रास्ता जनता का जनादेश है, न कि हिंसा और अराजकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं को गुमराह कर सांविधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा कर रही है।
उन्होंने बताया कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत एक नवंबर को सुबह 10 बजे बीके चौक से हार्डवेयर चौक तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें फरीदाबाद और गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्रों से 20 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रेस वार्ता में विधायक धनेश अदलखा समेत भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।