संवाद न्यूज़ एजेंसी
छांयसा। पुराने बस स्टैंड के पास मोहना-पलवल मार्ग पर बने गहरे गड्ढे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। यह मार्ग मोहना को पलवल, बागपुर खादर, जेवर, हीरापुर, छांयसा, अमरपुर समेत दर्जनों गांवों और शहरों से जोड़ता है। मार्ग पर काफी समय से गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए आसपास के ग्रामीणों ने पहल करते हुए अपने खर्चे से गड्ढे भरवाने का काम शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को व्यस्त मार्ग की जल्द मरम्मत करानी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
ग्रामीणों के अनुसार गड्ढों के कारण कई बार वाहनों के एक्सल, बंपर और चैंबर टूट चुके हैं। दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, स्कूल जाने वाले बच्चों और पैदल राहगीरों के भी चोटिल होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद सड़क के गड्ढों को समय पर दुरुस्त नहीं किया गया। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ रविंद्र ने बताया कि बारिश के चलते गड्ढों को भरने का काम नहीं हो पाया था। जल्द ही कर्मचारियों को भेजकर सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा।