फरीदाबाद। शुक्रवार रात डबुआ सब्जी मंडी में लगी आग में जिंदा जलकर एक सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। वह शराब पीने का आदी था। अंदेशा है नशे में मृतक की बीड़ी कंबल के छू गई और आग लग गई।
डबुआ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्री भगवान की टीम ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है। मृतक के परिजनों ने किसी के खिलाफ शिकायत नहीं दी है। शनिवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस को सूचना मिली कि डबुआ मंडी में एक युवक की जलने से मौत हो गई है। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा कि एक युवक का जला हुआ शरीर मंडी में पड़ा था।
मृतक की पहचान जौनपुर (यूपी) निवासी मुस्ताक (28) के रूप में हुई है। पिछले काफी समय से डबुआ मंडी में सब्जी बेचकर रात को वहीं सो जाता था। मृतक के परिजनों के अनुसार मुस्ताक शराब पीने का आदी था। उसकी शादी हो चुकी है लेकिन वह अकेला रहता था। मुस्ताक का किसी से लड़ाई झगड़ा या रंजिश नहीं थी। रात को बीड़ी या सिगरेट के कारण मुस्ताक के कंबल में आग लग गई। नशे में होने के कारण बच नहीं पाया।