संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन (एचपीटीए) की राज्य स्तरीय बैठक रविवार को राज्य प्रधान हरिओम राठी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई और गर्मी की छुट्टियों में मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मकता (एफएलएन) के तहत सेमिनार और पांच दिवसीय कैंप न लगाने की मांग की गई।
राज्य महासचिव बलजीत पूनिया ने बैठक का संचालन करते हुए कहा कि संगठन शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, उपाध्यक्ष जंगबीर कासनिया ने शिक्षकों पर अनावश्यक कार्यभार थोपे जाने का विरोध किया और समय पर तबादलों की मांग की।
कोषाध्यक्ष चतर सिंह ने स्पष्ट किया कि यदि छुट्टियों में कोई सेमिनार आयोजित किया गया, तो एसोसिएशन उसका बहिष्कार करेगी। संगठन ने सरकार से मांग की कि मौलिक शिक्षा विभाग से संबंधित सेमिनार गर्मी की छुट्टियों में न रखे जाएं।
बैठक में प्रदेश भर से कई जिलों के प्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश संरक्षक वीरेंद्र रुहिल, उपाध्यक्ष श्योप्रकाश, युद्धवीर सहारण, धर्मेंद्र यादव, देवेंद्र सांगवान, अमित ढिल्लों, राजेश कालुवास, रणधीर बुरा, रमेश सिवाच, लखन यादव, नवीन कुमार, कमल सिंह बजाड़, बिजेंद्र सिंह और अन्य शामिल रहे।