फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: अरावली क्षेत्र में कूड़ा डालने के विरोध में हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
सड़क पर उतरे सैकड़ों लोग, कूड़े की गाड़ियों को आने से रोका
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। अरावली क्षेत्र में गुरुग्राम रोड पर कूड़ा फेंकने के विरोध में बृहस्पतिवार को हंगामा हुआ। सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग व महिलाएं सड़क पर उतर आए और नगर निगम का विरोध शुरू कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने धरना भी दिया। इस ओर आने वाली कूड़े की गाड़ियों को भी रोक दिया।
विरोध और हंगामे की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन लोग नहीं माने और घंटों हंगामा चलता रहा। शहर से निकलने वाले कूड़े को पिछले कुछ समय से शहर के बाहर अरावली क्षेत्र में नगर निगम के स्थान पर फेंका जा रहा है। गुरुग्राम रोड पर हनुमान मंदिर के नजदीक कूड़ा इकट्ठा होने से धीरे-धीरे यहां कूड़े के पहाड़ से बनने शुरू हो गए हैं और अब दुर्गंध उठनी शुरू हो गई। गंदगी और दुर्गंध से परेशान लोगों का गुस्सा बृहस्पतिवार को फूटा। जिसके बाद सैनिक कॉलोनी, आईपी काॅलोनी, अचीवर काॅलोनी, नवादा गांव, भाखड़ी गांव समेत आसपास के इलाके के लोग सड़क पर उतर आए। घंटों हंगामा होने पर नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद निगम के एसई ओमवीर ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द ही उनकी समस्या का हल निकाला जाएगा। इसके बाद लोग शांत हुए। अरावली क्षेत्र के लोगों ने बताया कि काफी समय से नगर निगम लगातार इस क्षेत्र में कूड़ा डाल रहा है। एक जगह पर कूड़ा फेंकने के बजाय नगर निगम के ट्रक उसे पूरे क्षेत्र में जगह-जगह खाली करके जा रहे हैं। इसके अलावा अब यहां पर मरे हुए पशु भी फेंके जाने लगे हैं। पशुओं की दुर्गंध के कारण पूरे क्षेत्र में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
विज्ञापन

जमीन का पानी भी हो रहा है दूषित
इलाके के लोगों ने बताया कि ग्रामीण इलाकों के साथ ही यहां पर बसाई गईं काॅलोनियों का भी बुरा हाल हो गया है। बारिश में हाल और ज्यादा खराब हो जाता है। गंदगी और कूड़े के कारण जमीन का जल भी दूषित होता जा रहा है। इससे क्षेत्र में कैंसर और अन्य बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। इलाके में कैंसर के कई मामले भी सामने आ चुके हैं। कूड़े के विरोध में लोगों ने बुधवार रात से ही प्रदर्शन शुरू कर दिया था। नगर निगम के ट्रकों को क्षेत्र मेंं आने से रोकने के लिए इलाके के लोगों ने जेसीबी बुला ली थी और डंपिंग प्वाइंट की ओर जाने वाले रास्तों को खोद रहे थे। जिससे कूड़े के ट्रक अंदर न जा सके। वहीं रास्ता बंद करने के लिए जगह-जगह बड़े पत्थर भी रख दिए थे। जब पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो बड़खल एसडीएम मौके पर पहुंचे थे। उनके साथ डबुआ, सूरजकुंड, सारन, एसजीएम नगर, कोतवाली थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची थी और लोगों को समझाया था। इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह से लोग फिर विरोध करने के लिए सड़क पर उतर आए।
प्रतापगढ़ में विरोध के बाद इस क्षेत्र में डाल रहे कूड़ा
नगर निगम पहले प्रतापगढ़ में बने कूड़ा निस्तारण प्लांट में कूड़ा डालता था। हर दिन यहां 20-22 ट्रक भेजे जाते थे लेकिन इलाके के लोगों ने बीते 7 सितंबर को इसका विरोध किया था। एनआईटी विधायक सतीश फगाना भी मौके पर पहुंच गए थे और लोगों का साथ देते हुए कूड़े के ट्रकों को वापस लौटा दिया था। इसके बाद हर दिन केवल 5 ट्रक कूड़ा डालने पर रजामंदी बनी थी। इसके बाद से ही नगर निगम ने अरावली क्षेत्र में कूड़ा फेंकना शुरू किया है। धीरे-धीरे यहां के हाल भी बिगड़ने लगे हैं।
कूड़ा डालने के विरोध में पार्षद भी धरने पर बैठे
अरावली क्षेत्र में कूड़ा डालने के विरोध में क्षेत्रीय लोगों के साथ जनप्रतिनिधि भी धरने पर बैठ गए। पार्षद जगत सिंह ने लोगों का समर्थन करते हुए कहा कि क्षेत्र में कूड़ा डालने के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। बुधवार रात को भी उन्होंने लोगों के साथ धरना दिया। जिसके बाद निगम के संयुक्त आयुक्त अनिल यादव और अधीक्षण अभियंता ने बातचीत कर आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थिति नियंत्रण में होगी और कूड़ा फेंकने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
विज्ञापन

कोट्स
नगर निगम के ट्रक क्षेत्र में एक स्थान के बजाय जगह-जगह कूड़ा डालकर जा रहे हैं। पूरे इलाके में कूड़ा फैला हुआ है। -जयकिशन
बारिश होने पर कूड़े से रिसने वाला गंदा पानी जमीन में जा रहा है। इससे जमीन का पानी भी दूषित होता जा रहा है। -यशपाल तनेजा
नगर निगम यहां कूड़ा फेंक रहा है लेकिन निस्तारण के लिए कोई व्यवस्था नहीं कर रहा है। सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। -राम अवतार
कूड़े के साथ मरे हुए जानवर भी यहां फेंके जा रहे हैं। बदबू के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। -रेनू शर्मा
वर्जन
लोग क्षेत्र में कूड़ा डालने का विरोध कर रहे थे। उन्हें समझाया गया है और जल्द ही इस समस्या का हल निकाला जाएगा। हर दिन शहर में लगभग 1250 टन कूड़ा निकलता है। इसके निस्तारण के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं खोजी जा रही हैं। -ओमवीर, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम फरीदाबाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें