19 सितंबर को गुरुग्राम कार्यालय पर होगा जोनल प्रदर्शन
शासन-प्रशासन-कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन ने 19 सितंबर को चीफ इंजीनियर दिल्ली के गुरुग्राम कार्यालय पर होने वाले जोनल प्रदर्शन को लेकर बृहस्पतिवार को पाली और अर्बन सब डिवीजन सेक्टर 58 में गेट मीटिंग की। इसमें यूनियन ने सरकार व बिजली निगम प्रबंधकों पर मांगों की अनदेखी करने और निजीकरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार व बिजली निगम प्रबंधक बिजली कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी कर रहे हैं और निजीकरण की नीतियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। निगम प्रबंधक उपभोक्ताओं के घरों में लगे ठीक मीटरों को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और उसके बाद उन्हें प्रीपेड में तब्दील किया जा रहा है। उनका कहना है कि इसके बाद गरीब व किसानों के सामने भारी दिक्कतें पैदा होंगी। केंद्र सरकार बिजली अमेंडमेंट बिल 2022 को पास करके बिजली वितरण प्रणाली को भी निजी हाथों में सौंपने पर आमादा है। निगम मेनेजमेंट बिजली कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली, कौशल रोजगार निगम को भंग कर ठेका कर्मचारियों को पक्का करने, एक्स ग्रेसिया रोजगार स्कीम में लगाई गई शर्तों को हटाने, पांच हजार रुपये रिस्क अलाउंस देने, खाली पड़े पदों को भरे बिना जबरन राइट टू सर्विस एक्ट लागू करने आदि मांगों की अनदेखी की जा रही है। इसलिए यूनियन लगातार आंदोलन चलाए हुए हैं, जिसकी अगली कड़ी में चीफ इंजीनियर कार्यालयों पर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। 19 सितंबर को चीफ इंजीनियर दिल्ली के गुरुग्राम कार्यालय पर जोन स्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर सभी सब डिवीजन में गेट मीटिंग की जा रही है। गेट मीटिंग की अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान नवीन रावत व विकाश शर्मा ने की। मीटिंग में सर्कल सचिव कृष्ण कुमार, रमेश चंद तेवतिया, रामकेश सारण, धर्मेंद्र तेवतिया, सुरेंद्र खटकड़, सुनील शर्मा, धर्मेंद्र रावत, बलदेव आदि मौजूद थे।