छांयसा। सब डिवीजन छांयसा के अंतर्गत आने वाले गांव मोहना, हीरापुर, अटेरणा, जवा, पनेहड़ा खुर्द और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों बिजली की भारी समस्या बनी हुई है। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन के समय कई-कई घंटे बिजली बंद रहने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं रात के समय भी बिजली कटने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती के कारण पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। बिजली न आने से पानी की मोटरें नहीं चल पा रहीं, जिससे घरों के साथ-साथ पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है। छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
पनेहड़ा खुर्द के सरपंच प्रतिनिधि जयप्रकाश शर्मा ने बिजली विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में घंटों बिजली काटे जाने से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने विभाग से बिजली कटौती पर नियंत्रण करने और ग्रामीणों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है।