केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी पुलिस अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। ओल्ड फरीदाबाद क्यूआरजी अस्पताल के पास आइस्क्रीम लेकर लौट रहे मोटरसाइकिल सवार इलेक्ट्रिशियन को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक उसे पास में स्थित अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे मामले में सेक्टर-91 में एक इलेक्ट्रिशियन को भी तेज गाड़ी ने टक्कर मार दी। परिजनों ने घायल को दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान 30 मई को उसकी मौत हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के जिला बरेली गंगानगर कॉलोनी निवासी गोविंदराम ने बताया कि वह ओल्ड फरीदाबाद स्थित बाड़ मोहल्ला में परिवार के साथ किराये पर रहता है। उनके तीन बेटे और एक बेटी है। सबसे छोटा बेटा अंकित इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। रविवार रात वह बच्चों के लिए आइसक्रीम लेने के लिए फूल मंडी के पास मोटरसाइकिल से गया था। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार स्काॅर्पियो चालक ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में कार सवार चालक और उनके साथ कार में मौजूद लोग उनके बेटे को लेकर पास में स्थित निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर ड्राइवर को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की है।
दूसरी घटना में स्माइलपुर पल्ला निवासी सुनीता ने बताया कि 28 मई को एक ऑटो आकर उनके घर के बाहर रुका, जिसमें उनका बड़ा बेटा राकेश कुमार (31) घायल अवस्था में मौजूद था। ऑटो चालक ने बताया कि उन्हें राकेश घायल अवस्था में सेक्टर-91 में मिला था। किसी तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से राकेश घायल हो गया था। राकेश इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। परिजन राकेश को लेकर सफदरजंग अस्पताल गए, जहां इलाज के दौरान 30 मई को उसकी मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी है।