- उत्कल एक्सप्रेस और सचखंड एक्सप्रेस के यात्रियों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को उत्कल एक्सप्रेस और सचखंड एक्सप्रेस करीब चार घंटे देरी से पहुंचीं। इनमें उत्कल एक्सप्रेस करीब 3 घंटे 30 मिनट देरी और सचखंड एक्सप्रेस 4 घंटे से भी अधिक देरी से स्टेशन पहुंचीं। इससे स्टेशन पर प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। बता दें की उत्कल एक्सप्रेस के फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का समय 12.20 बजे था, पर ट्रेन करीब 3.50 बजे पहुंची। वहीं सचखंड एक्सप्रेस के स्टेशन पहुंचने का समय 1.30 बजे था, पर 4.30 बजे तक भी ट्रेन नहीं पहुंची थी। इसके चलते यात्रियों को करीब 4-4 घंटे स्टेशन पर प्रतीक्षा करनी पड़ी।
यात्रियों ने बताया कि हर आधे घंटे पर घोषणा होती है कि आपकी ट्रेन देरी से पहुंचेगी, पर समय नहीं बताया जाता है। यात्री मयंक ने बताया कि 12.20 बजे की ट्रेन के लिए 12 बजे ही स्टेशन पहुंच गया था, पर 3:00 तक भी ट्रेन नहीं पहुंची है।
वहीं सचखंड एक्सप्रेस की प्रतीक्षा कर रहे एक यात्री ने बताया कि 1.30 बजे की ट्रेन थी। जो की 5.30 बजे तक भी स्टेशन नहीं पहुंची है। हर आधे से एक घंटे पर ट्रेन के और देरी से पहुंचने की घोषणा होती है, पर ट्रेन क्यों और किस लिए देरी से पहुंचेगी इसके बारे में कोई जानकारी अब तक नहीं मिली है।