साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने पकड़े आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पार्ट टाइम जॉब के बहाने ठगी मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में राजस्थान, जयपुर के रहने वाले विष्णु सोनी व तुषार विजय शामिल हैं। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि मामले के संबंध में विष्णु सोनी ने शिकायतकर्ता के पास कॉल की थी।
वहीं तुषार विजय ने सुजल से शिवम का बैंक खाता लेकर विष्णु को उपलब्ध करवाया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि बैंक खाताधारक शिवम व सुजल को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पकड़े गए दोनों आरोपियों को 2 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है। ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत एनआईटी 5 की रहने वाली महिला ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 10 सितम्बर को इंस्टाग्राम चलाते वक्त उन्होने पार्ट टाइम जॉब से संबंधित विज्ञापन देखा। दिये गये लिंक पर क्लिक कर महिला ने अपनी जानकारी दी। कुछ देर बाद उनके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी का असिस्टेंट मैनेजर बताया और महिला की व्हाट्सएप के माध्यम से बातचीत शुरू हुई। ठग की बातों में आकर शिकायतकर्ता ने पार्ट टाइम जॉब के लिए बताये गये खातों में 126761 रुपये भेज दिये। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।