फरीदाबाद। महात्मा गांधी जयंती पर अवैध रूप से शराब बेचने पर सेक्टर-58 थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर दो सेल्समैन को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब, नकदी और डिजिटल पेमेंट मशीनें बरामद की हैं।
पहली कार्रवाई समयपुर चुंगी के पास गुर्जर चौक स्थित शराब ठेके पर हुई। गांधी जयंती पर ड्राई डे के नियम का उल्लंघन कर ठेके के बाहर शराब बेचे जाने की सूचना पर पुलिस ने मैनपुरी उत्तर प्रदेश निवासी दो सेल्समैन बीटू यादव और विवेक पाल को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी कार्रवाई मोहला गांव के सहलारा मोड़ पर हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस के पहुंचते ही सेल्समैन अशोक दुकान से भाग निकला। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बरामद शराब के नमूने सील कर कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग की है। सेक्टर-58 थाना ने दोनों मामलों में दो अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद