सेक्टर-31 और 58 थाना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर के सेक्टर-31 और 58 थाना इलाके में हुए दो सड़क हादसों में एक डिलीवरी बॉय और एक किशोर की मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक घायल भी हो गया। मृतकों में 21 साल का सुमित और 14 साल का गणेश शामिल हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में सेक्टर-58 और 31 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। मामले में टीम आरोपी वाहन चालकों को पकड़ने के प्रयास कर रही है।
पहले मामले में सेक्टर-31 थाना पुलिस को शिकायत दिल्ली मोलड़बंद के रहने वाले अमित ने दी है। इनका कहना है कि छोटा भाई 21 साल का सुमित डिलीवरी बॉय का काम करता था। 12 सितंबर की रात करीब पौने एक बजे जोमैटो से ऑर्डर लेकर फरीदाबाद डिलीवर करने गया था। वहां से वापस लौटते समय एनएचपीसी मेट्रो स्टेशन के पास दिल्ली-मथुरा हाईवे पर अज्ञात वाहन ने सुमित की बाइक में टक्कर मार दी। इससे वो सड़क पर गिरकर घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत पर सोमवार को पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
दूसरे मामले में सेक्टर-58 थाना पुलिस को शिकायत यूपी जौनपुर निवासी दिव्यांग सिंह ने दी है। वे अब पाली इंडस्ट्रियल एरिया एनआईटी में रहते हैं।11 अक्टूबर को अपने दोस्त गणेश कुमार के साथ बल्लभगढ़ गए थे। देर रात करीब पौने एक बजे सोहना रेलवे पुल से नीचे सोहना की तरफ जाने वाली सड़क पर पुलिस पिकेट के सामने दोनों सड़क किनारे बाइक रोककर खड़े थे। इसी दौरान एक गाड़ी आई और इन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। हादसे में गणेश कुमार की मौत हो गई। मृतक मूलरूप से राजस्थान का रहने वाला था। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर वाहन व चालक की तलाश शुरू की है।