शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में 28 सितंबर की रात को मारी थी चोट
सराय ख्वाजा थाना में 29 सितंबर को दर्ज हुई थी एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सराय ख्वाजा थाना इलाके में ट्रांसपोर्टर नवल की हत्या के मामले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी 35 साल का योगेंद्र यादव उर्फ योगी सराय ख्वाजा इलाके का ही रहने वाला है। अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने इसे नया पल्ला पुल के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 1 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। इससे पहले मामले में तीन आरोपियों योगेंद्र उर्फ गोलू, अभिजीत व विक्की उर्फ मोनू को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
सराय ख्वाजा थाना इलाके में 29 सितंबर की सुबह योगेंद्र के किराये के मकान में घायल हालत में ट्रांसपोर्टर नवल मिला था। परिवार वाले उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए तो मौत हो गई। मृतक की पत्नी सविता के बयान पर सराय ख्वाजा थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज की गई। मामले में कार्रवाई करते हुए 30 सितंबर को अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के नाम सराय इलाके के रहने वाले अभिजीत कुमार झा और योगेंद्र उर्फ गोलू बताए गए। इन्हें जैतपुर मोड बदरपुर बॉर्डर से काबू किया गया।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि अभिजीत व योगेन्द्र उर्फ गोलू रविवार को वारदात के दिन अपने अन्य साथी व मृतक नवल के साथ सराय ख्वाजा स्थित पार्क में बैठकर शराब पी रहे थे। वहां पर उनका आपस में झगड़ा हो गया तो अभिजीत वहां से हाथापाई कर भाग गया। उसके पीछे योगेंद्र यादव उर्फ योगी, योगेंद्र उर्फ गोलू व नवल गये तो अभिजीत ने नवल के सिर पर अपने हाथ में पहने हुए कड़े से हमला कर दिया। इससे नवल घायल हो गया।
इसके बाद घायल नवल को योगेंद्र यादव उर्फ योगी अपने साथी योगेंद्र उर्फ गोलू व विक्की के साथ अपने किराये के मकान में ले गया और एक कमरे में बंद कर वहां से चले गये। बाद में नवल की मौत हो गई। बाद में पुलिस ने विक्की उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया। अब आरोपी योगेंद्र यादव उर्फ योगी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।