बल्लभगढ़। गांव जुनहेड़ा में एक कॉमन सर्विस सेंटर संचालक व उसके भाई पर हमला कर कुछ युवक उसके सेंटर में रखे दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। सेंटर संचालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। गांव जुनहेड़ा निवासी गणेश ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर पर कॉमन सर्विस सेंटर चलाता है। सेंटर के माध्यम से वह जनता को पेंशन देना व अन्य सरकारी काम करता है। 31 मार्च की रात करीब नौ बजे उसके घर हरिचंद्र कुछ काम कराने के बहाने आया। रात हो जाने के कारण गणेश ने कहा कि आप सुबह आ जाना।
आरोप है कि इस बात पर हरिचंद्र भड़क गया और गाली गलौच करने लगा। कुछ देर बाद वह अपने साथ कुछ लड़को को लाठी, रॉड व अन्य हथियार के साथ लेकर आया। आरोपी गणेश व उसके भाई कृष्ण से मारपीट कर दो लाख रुपये लेकर भाग गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर जितेन्द्र उर्फ गोली, पवन , भोला, संदीप, विजेन्द्र व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। संवाद