बल्लभगढ़। पृथला विधानसभा क्षेत्र के गांव फतेहपुर में बनाई गई अनाज मंडी में सुविधाओं का अभाव है, जबकि प्रदेश सरकार ने एक अप्रैल को खरीद की बात कही थी, लेकिन यहां मंडी में गेहूं पहुंचे तीन दिन हो गए हैं। यहां अभी तक सुविधाओं के नाम पर पीने के पानी का भी प्रबंध नहीं हो सका है। जहां किसान मंडी में सुविधाओं की तलाश कर रहे है तो आढ़ती अधिकारियों की।
प्रदेश सरकार ने एक अप्रैल से मंडियों में गेहूं खरीद के आदेश दिए थे और इसके लिए प्रशासन को मंडियों में तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही थी। इसके अलावा प्रशासन ने भी मंडियों में बेहतर सुविधाओं का दावा किया, लेकिन प्रशासन के दावे में कितना दम है, यह फतेहपुर मंडी में पहुंचने पर ही पता चल सकता है।
सरकार ने पहली अप्रैल को खरीद का ऐलान किया था, लेकिन फिर भी मंडी में कोई सुविधा नही है। मंडी में आढ़ती तो हैं लेकिन अधिकारी नहीं हैं। हमने एक अप्रैल के ऐलान पर फसल काट ली, अब हमारे सामने फसल को लेकर रखने की समस्या है।
-जय किशन, किसान, निवासी डीग
मंडी में कोई सुविधा नहीं है। एक समस्या हो तो बताएं, यहां असुविधा ही असुविधा है। मंडी में न तो मौसम बिगड़ने पर न गेहूं को रखने का स्थान है, न ही रात में बिजली का। सरकार ने गेहूं की खरीद के लिए किसान को स्वतंत्र किया है, लेकिन यह सब मात्र कागजी है।
-नरवीर, किसान, निवासी पन्हैड़ा
अधिकारिक पक्ष
फतेहपुर मंडी में अभी अनाज नहीं आ रहा है। उम्मीद है सोमवार से अनाज पहुंचेगा। इससे पहले वहां सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। वहीं अगर कोई किसान अनाज ले आया है, तो हो सकता है उसके पास संदेश आया हो। फतेहपुर मंडी की ऑनलाइन परेशानी को आज ठीक कर दिया गया है।
-लेखचंद, सचिव, मार्केट कमेटी