आगरा में हुआ हादसा, कैंटर से टक्कर के बाद 100 मीटर तक घिसटती रही कार
सीकरी में जिम चलाते थे दोनों दोस्त, हाइड्रा मशीन से काटकर निकाले गए शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। अयोध्या में रामलला के दर्शन करने निकले दो दोस्तों की आगरा में सड़क हादसे में मौत हो गई। सोमवार देर रात करीब एक बजे आगरा के फतेहाबाद-बाह मार्ग पर बाबा की तिबरिया के पास तेज रफ्तार कार सामने चल रहे कैंटर से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कैंटर के अगले हिस्से में फंस गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान फरीदाबाद के गांव जाजरू निवासी नितिन (38) और गांव भनकपुर निवासी योगेश रावत (40) के रूप में हुई है। दोनों मित्र थे और बल्लभगढ़-फरीदाबाद के सीकरी क्षेत्र में साझेदारी में एक जिम संचालित करते थे। जिसमें नितिन जिम ट्रेनर के तौर पर कार्य भी करता था। परिजनों के अनुसार दोनों सोमवार को घर से अयोध्या स्थित राम मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। नितिन की शादी नहीं हुई थी, वहीं योगेश की शादी हो चुकी थी, उनके दो बच्चे हैं। गांव भनकपुर के रहने वाले योगेश के छोटे भाई ने फरवरी के महीने में फंदा लगाकर आत्महत्या की थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची फतेहाबाद थाना पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से कार को काटकर दोनों शवों को बाहर निकाला। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। फतेहाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों और वाहन नंबर के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।