बल्लभगढ़। गांव चंदावली में किराए के कमरे से नकदी और कीमती सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के दो दिन बाद पीड़ित की शिकायत पर सदर बल्लभगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जिला भिवानी निवासी भूपेंद्र ने बताया कि वह गांव चंदावली में गौरव सैनी के मकान में किराए पर रहता है। उसके साथ आदित्य, अमित और रविकांत भी रहते हैं। चारों युवक एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और रोजाना सुबह 9 से शाम 5:30 बजे तक ड्यूटी करते हैं। शिकायत के अनुसार 18 जुलाई को सभी युवक जल्दबाजी में नौकरी पर चले गए और गलती से कमरे का दरवाजा खुला रह गया। शाम करीब 5:50 बजे जब वे वापस लौटे तो कमरे का सामान बिखरा मिला। जांच करने पर भूपेंद्र के 32 हजार रुपये नकद, करीब 72 ग्राम वजन की चांदी की चेन, हेलमेट, मोबाइल चार्जर और जूते गायब मिले। भूपेंद्र ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने डायल-112 पर सूचना दी थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद