चपेट में आकर नई कार हुई क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-18 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार दोपहर करीब दो बजे राजकीय स्कूल के पास बिजली के दो खंभे एक घंटे के अंतराल में गिर गए। सीमेंट से बने ये खंभे अचानक गिरने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब छह घंटे तक ठप हो गई। वहीं, सड़क किनारे खड़ी एक नई कार भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
भीम बस्ती राजकीय स्कूल के पास पहले एक खंभा अचानक गिरा। जो पहले से जर्जर था। इसके कुछ देर बाद ही करीब 50 मीटर दूर लगा एक और सीमेंट से बना खंभा घर पर गिर गया। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने बिजली वितरण निगम को दी। इसके कुछ देर के बाद बिजली आपूर्ति काट दी गई।
खंभा गिरने से जहां क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, वहीं बिजली के तार टूटकर जमीन पर गिर गए, जिससे लोगों में करंट फैलने का डर भी बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना था कि यहां करीब छह महीने पहले नए खंभे लगा दिए गए हैं इसके बावजूद पुराने खंभों को हटाया नहीं गया था। विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी थी कि पुराने खंभे खराब हो चुके हैं।
मौके पर खड़ी एक नई कार पर खंभा गिरने से उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन मालिक का कहना है कि उन्होंने करीब 15 दिन पहले ही गाड़ी खरीदी थी। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में कई खंभे काफी समय से झुके हुए हैं और उनकी हालत बेहद खराब है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करेंगे।
वर्जन
बिजली के पुराने खंभे दोपहर में टूटकर गिर गए। पुराने खंभों को हटाकर जल्द ही नए खंभे पर बिजली के तार स्थानांतरित कर दिए जाएंगे।
- रविंद्र कुमार, एसडीओ ओल्ड फरीदाबाद।