फरीदाबाद। होली के हुड़दंग में लोगों ने शहर में जमकर उत्पात मचाया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 125 लोग घायल हो गए। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना में कई वाहन आपस में टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। विभिन्न हादसों में घायल लोगों को बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही निजी अस्पतालों में इससे कहीं ज्यादा लोग भर्ती हुए हैं।
पुलिस ने होली से एक दिन पहले ही दावा किया था कि हुड़दंगियों को किसी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा, जबकि पुलिस ने जिले में हुड़दंग के नाममात्र भी मामले दर्ज नहीं किए हैं। सोमवार को होली के मौके पर शराब के नशे में धुत होकर लोगों ने जमकर उत्पात मचाया। इसमें लोगों ने पड़ोसियों, राह चलते लोगों व दोस्तों के साथ मारपीट की। सारा दिन लोग मोटरसाइकिल व गाड़ी में सवार होकर इधर उधर घूमते नजर आए। अकेले बीके अस्पताल में ही करीब 125 घायल भर्ती कराए गए हैं। इसमें से ज्यादातर लोग ऐसे हैं जो शराब पीकर हुए झगड़ों में घायल हुए हैं।
इसके अलावा कई निजी अस्पताल में भी घायलों को भर्ती कराया गया। घायलों में नेहरू कॉलोनी से पूजा, सूर्या विहार से उदयवीर, नेहरू कॉलोनी से रमन, सदपुरा गांव से सूरज, डबुआ कॉलोनी से अश्वनी व कमल, घरोड़ा गांव से महेश त्यागी, सेक्टर-14 से संदीप व सड़क दुर्घटना में घायल होने वालों में रामू सहित अन्य शामिल हैं। सभी घायलों को बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। छुटपुट चोट लगने वाले घायलों को भर्ती होने के कुछ घंटों बाद छुट्टी दे दी गई।
दीवार में जा घुसी मोटरसाइकिल, मौत
होली के दौरान बीपीटीपी इलाके में बनी झुग्गी बस्ती निवासी शिव कुमार (23) अपने दोस्त के घर मिलने गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह देर रात को घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दीवार में जा घुसी। दुर्घटना में शिवकुमार बुरी तरह घायल हो गया जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। दूसरे मामले में संजय कॉलोनी सरूरपुर निवासी विजय पाल (30) छत से गिरकर घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थानों में लगी रही लड़ाई झगड़ा करने वालों की भीड़
होली के दिन लड़ाई झगड़े की शिकायत को लेकर थाने-चौकियों में लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने अधिकतर मामलों में दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कर दिया। डबुआ कॉलोनी 60 फिट रोड पर होली मना रहे लोगों की कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इस घटना में बल्लभगढ़ निवासी मंजीत, मनोज भाटी सहित दर्जन भर लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ओल्ड फरीदाबाद फ्लाईओवर पर तेज गति से आ रही दो गाड़ियां आपस में टकरा गई जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इधर सेक्टर 12 टी पॉइंट पर एक ईको स्पोर्ट्स गाड़ी पिलर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने गाड़ियों को कब्जे लेकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।