फरीदाबाद। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की ओर से 21 साल बाद बुधवार को नहर पार स्थित बसंतपुर से मंझावली समेत अन्य रूटों के लिए दो शुभगमन सिटी बस सेवा की शुरुआत की गई। इसको केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से स्वच्छता अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में यातायात सुगम बनाने के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की जा रही है।
एफएमडीए के अधिकारियों ने बताया कि पहली शुभगमन सिटी बस सेवा की रूट नंबर 913 के के तहत पहली बस बसंतपुर से बदरपुर बॉर्डर होते हुए मंझावली तक चलेगी। यह केआर मंगलम स्कूल, एशियन अस्पताल, खेड़ी कलां, भूपानी मोड़, सिडोला विलेज, जेबी कॉलेज पर चलेगी। इसके अलावा रूट नंबर 914 के अंतर्गत दूसरी बस बसंतपुर से बदरपुर बॉर्डर होते हुए भड़ाना मार्केट, सेहतपुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, अंबेडकर चौक, आगवानपुर, रविवार बाजार आदि क्षेत्रों में चलेगी। इसमें यात्रियों से 10 रुपये लिए जाएंगे। इससे पांच लाख से अधिक लोगों को काफी राहत मिलेगी। उनका यातायात सुगम होगा।