फेसबुक, इंस्टाग्राम और गूगल पर देते थे विज्ञापन, मेरठ से गिरफ्तार
एक महिला से पूजा के लिए 37 हजार वसूले, और रुपये मांगने पर हुआ शक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मनचाहा प्यार, नौकरी में बाधा और घर से नकारात्मक ऊर्जा भगाने के नाम पर ठगी करने वाले दो बाबाओं को मध्य जिले की साइबर थाना पुलिस ने मेरठ से गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान मेरठ के जफर गार्डन स्थित लिसाड़ी गेेट निवासी मोहम्मद नजीर और मोहम्मद राजा खान के रूप में हुई है।
आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देकर लोगों की समस्याएं दूर करने का झांसा देते थे। अपने आप को प्रमोट करने के लिए आरोपी बाकायदा गूगल पर विज्ञापन देकर इसके लिए हर दिन का भुगतान भी करते थे। छानबीन के दौरान पता चला है कि आरोपियों ने कई लोगों को परेशानियां दूर करने के नाम पर ठगा है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्सन ने बताया कि 21 मई 2025 को पटेल नगर निवासी एक महिला ने साइबर थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर बाबाओं का एड देखकर उनसे संपर्क किया। बाबाओं ने बताया कि उनके घर में निगेटिव एनर्जी है। उसको दूर भगाने के लिए उपाय करना होगा।
आरोपियों ने महिला का विश्वास जीतकर पूजा-पाठ के नाम पर उससे 37 हजार रुपये वसूल कर लिए। इसके बाद भी वह और रुपयों की डिमांड करने लगे। आरोपियों ने महिला को कुछ वीडियो भेजे। उसमें कुछ बच्चे अजीबों-गरीब तरह की हरकतें कर रहे थे। बाबाओं ने बताया कि तुम्हारे घर की निगेटिव एनर्जी इन बच्चों पर आ गई है।
अब इनका भी इलाज करना होगा नहीं तो तुम्हारे साथ भी बुरा हो जाएगा। पीड़िता ने शक होने पर पुलिस से शिकायत की। साइबर थाना प्रभारी संदीप पंवार ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। रुपयों के लेनदेन और टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर जांच करते हुए टीम 24 जुलाई को मेरठ के लिसाड़ी गेट पहुंच गई। वहां से दोनों बाबाओं को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि इनके मोहल्ले में ज्यादातर लोगों का इसी तरह का काम है। ज्यादातर सभी लोगों के पास एक ही तरह के वीडियो हैं। उनके आधार पर यह लोगों को डराकर उनसे वसूली करते हैं।