फरीदाबाद। आगरा और मथुरा से गांजा खरीद कर जिले में बेचने आए दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच सेंट्रल व बीपीटीपी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से 18 किलो गांजा बरामद हुआ है। आरोपियों की पहचान अलीगढ़ निवासी जगबीर और मथुरा निवासी गिरिराज सिंह के रूप में हुई है। जगबीर फिलहाल पलवल की शमशाबाद कॉलोनी में किराए पर रह रहा था।
मामले की जांच कर रहे क्राइम ब्रांच सेंट्रल के सब इंस्पेक्टर आजाद सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति आगरा से गांजा लेकर फरीदाबाद में बेचने आया है। उन्होंने टीम बनाकर आरोपी को डबुआ थाना इलाके से दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से साढ़े आठ किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना डबुआ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरे मामले में क्राइम ब्रांच बीपीटीपी ने आरोपी से साढ़े नौ किलो गांजा किया बरामद किया है। बीपीटीपी से मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि एक सूचना के आधार पर आरोपी को डबुआ इलाके से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी गांजा मथुरा से लेकर चला था और डबुआ एरिया में बेचना चाहता था। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।