अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कॉल सेंटर में काम कर चुके युवक ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी की थी। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने आरोपी राकेश (34) व उसके साथी सुशान (31) को दिल्ली के द्वारका मोड एरिया से गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि कॉल सेंटर में नौकरी करने के दौरान राकेश ने कॉल करना सीखा था। दोनों आरोपी 12वीं पास है। राकेश अब बतौर चालक काम करता है जबकि सुशान बेरोजगार है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को 2 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को ये शिकायत एनआईटी एरिया की रहने वाली महिला ने दी थी। शिकायत में महिला ने बताया कि 17 मई को उनके पास एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट का कर्मचारी बताया। उसने महिला को क्रेडिट कार्ड कि लिमिट बढ़ाने के आफर के बारे में बताया। फिर आरोपी ने महिला से व्हाट्सएप पर बात की और कार्ड की डिटेल लेकर 21008 रुपये की ट्रांजेक्शन कर ली। मामले में ठगी की एफआईआर दर्ज कर अब पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।