फरीदाबाद। पुलिस चौकी सेक्टर-11 की पुलिस ने कंपनी प्रबंधक से लूट मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान एसजीएम नगर निवासी अनिल और नवाब के रूप में हुई है।
प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि गुरुग्राम निवासी जयप्रकाश ने उन्हें शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-31 स्थित एक कंपनी में प्रबंधक हैं। 17 सितंबर शाम करीब आठ बजे उन्होंने अजरोंदा से गुरुग्राम के लिए एक टैक्सी ली थी। टैक्सी में दोनों आरोपी मौजूद थे। पाली रोड हनुमान मंदिर के पास आरोपियों ने गाड़ी साइड में लगाकर चाकू की नोक पर उनसे 15 हजार रुपये, एक सोने की चेन लूटकर फरार हो गए थे। लूट में इस्तेमाल की गई गाड़ी नवादा गांव में रहने वाले एक व्यक्ति की थी। जिस पर अनिल ड्राइवर का काम करता था। लूट करते के बाद आरोपी नवादा निवासी मालिक की गाड़ी छोड़कर किसी अन्य गाड़ी पर चालक के रूप में कार्य करने लगा। शनिवार को दोनों आरोपियों को बड़खल मोड़ से बटनदार चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल गाड़ी बरामद हो चुकी है। पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी अनिल के खिलाफ महिला थाना सेंट्रल में दुष्कर्म का मामला दर्ज है। जिसमें आरोपी 8 महीने की सजा काटकर जेल से लौटा है। दूसरे आरोपी नवाब के खिलाफ थाना एसजीएम नगर में लड़ाई झगड़े का एक मामला दर्ज हैं।