साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने राजस्थान और यूपी से आरोपियों को दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर अपराध थाना एनआईटी की टीम ने रेस्त्रां से ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने और टेलीग्राम टास्क के नाम पर हुई ठगी के मामलों में कार्रवाई करते हुए दो बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पहला मामला भांकरी गांव स्थित रेस्त्रां संचालक से ठगी का है। सेक्टर-21ए निवासी पीड़ित ने बताया कि 25 जुलाई को आए एक फोन कॉल के जरिए खाना ऑर्डर किया गया। इसके बाद ठग ने 1500 रुपये के बदले 15 हजार रुपये भेजने का फर्जी मैसेज दिखाकर गलती से ज्यादा रकम जाने का झांसा दिया। बाकी पैसे लौटाने के नाम पर पीड़ित से दो बार में कुल 22,500 रुपये ठग लिए गए। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी खाताधारक जमशेद निवासी डीग, राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
वहीं, दूसरा मामला टेलीग्राम टास्क के जरिए ठगी का है। एनआईटी निवासी महिला ने शिकायत दी थी कि 15 अगस्त को अनजान कॉल के जरिए उसे टेलीग्राम टास्क जॉब का ऑफर मिला। इसमें महिला ने 27,800 रुपये निवेश कर दिए लेकिन कोई रकम वापस नहीं मिली। पुलिस ने आरोपी खाताधारक गोपाल निवासी कानपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि बीएससी पास आरोपी ठेकेदारी का काम करता है और उसने अपना बैंक खाता ठगों को दिया था।