संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। हरियाली तीज पर तिगांव में होने वाले पारंपरिक दंगल के आयोजन स्थल को लेकर गांव में चल रहा मतभेद रविवार को 84 पाल की पंचायत तक पहुंच गया। अनाज मंडी में आयोजित पंचायत में करीब तीन घंटे तक दोनों पक्षों की बात सुनी गई। चर्चा के बाद पंचायत ने सरपंच विक्रम नागर को ग्रामीणों की सहमति से दंगल के लिए उपयुक्त स्थान तय कर आयोजन कराने पर सहमति जताई। साथ ही सभी लोगों से गांव का भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
दरअसल, दंगल कहां कराया जाए, इसे लेकर गांव में दो पक्ष आमने-सामने हैं। नागर पाल की ओर से सरपंच विक्रम नागर हाई स्कूल के मैदान में दंगल कराने के पक्ष में हैं। वहीं अधाना पट्टी की ओर से सरपंच प्रतिनिधि वेद अधाना आयोजन के लिए गांव के स्टेडियम को उपयुक्त बता रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने के कारण विवाद बढ़ता जा रहा था। इसी को लेकर पंचायत का आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों से आपसी मतभेद दूर कर सहयोग करने की अपील की।