फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में एक महिला को लगातार अश्लील मैसेज और कॉल करके परेशान करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
हनुमत कॉलोनी पार्ट-1 तिलपत निवासी आराधना सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके मोबाइल पर बीते कुछ समय से लगातार आपत्तिजनक और अश्लील संदेश व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे हैं। इसके साथ ही आरोपी की ओर से बार-बार फोन कॉल कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इस वजह से वह खुद को असुरक्षित और मानसिक तनाव में महसूस कर रही है। महिला ने बताया कि वह 25 अप्रैल को पल्ला थाना पहुंची थी, वहां उसने पुलिस अधिकारी को पूरे मामले की जानकारी दी थी।
पुलिस अधिकारी ने उसे आरोपी को बहला-फुसलाकर बुलाने की सलाह दी थी और कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। शिकायत में आरोपी का मोबाइल नंबर भी दिया गया है और संबंधित चैट के दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।