संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सूदखोरों से परेशान एक दुग्ध व्यापारी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। उनकी छह दिन बाद उपचार के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई। थाना छायंसा पुलिस ने आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव नरहावली निवासी भागीरथ ने बताया कि उनका भाई भगत सिंह (52) दूध बेचने का काम करता था। कुछ समय पहले भैंस खरीदने के लिए रोहित, सतीश और कंचन चाय वाले से करीब 70 हजार रुपये उधार लिए थे। 30 अक्तूबर को भगत सिंह ने उनको बताया कि आरोपियों को सभी पैसे वापस कर दिए हैं। इसके बावजूद अब वह लगातार ब्याज देने के लिए दबाव बना रहे हैं। रात को आरोपियों ने भगत सिंह को काॅल करके उसका अपहरण करने, बेइज्जत करने और जान से मारने की धमकी दी।
परेशान व्यापारी को उसके परिजन ने समझाया लेकिन आरोपी लगातार उसपर मानसिक दबाव बना रहे थे। 30 अक्तूबर की शाम को भगत सिंह ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। परिजन उनको उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में लेकर गए। अस्पताल में छह दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद सोमवार को भगत सिंह की मौत हो गई। थाना छायंसा पुलिस ने तीनों लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।