निजामुद्दीन से झांसी के बीच चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन
फरीदाबाद स्टेशन पर रुकेगी, यात्रियों को होगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिवाली और छठ पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन से झांसी के बीच फेस्टिवल स्पेशल जनरल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 04412/04411 फरीदाबाद स्टेशन पर भी रुकेगी। इससे शहर में रहने वाले उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के हजारों लोगों को यात्रा की सुविधा मिलेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 04412 निजामुद्दीन से झांसी के लिए 5, 6 और 7 नवंबर को शाम 6:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजे झांसी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04411 झांसी से 6, 7 और 8 नवंबर को सुबह 6:30 बजे चलेगी और उसी दिन शाम 4 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी।
झांसी जाने वाली ट्रेन फरीदाबाद स्टेशन पर शाम 7:10 बजे पहुंचेगी और 7:12 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह पलवल शाम 7:38 बजे, रुंधी शाम 7:50 बजे, होडल रात 8:08 बजे और कोसी कलां रात 8:18 बजे पहुंचेगी। मथुरा में रात 10:15 बजे, आगरा में रात 11:10 बजे और ग्वालियर में रात 2:55 बजे ट्रेन का ठहराव होगा। आगरा कैंट, धौलपुर, मुरैना, डबरा और दतिया में भी ट्रेन रुकेगी।
यातायात निरीक्षक हेमराज ने बताया कि ट्रेन कुल 402 किलोमीटर का सफर तय करेगी। ट्रेन में सभी 16 कोच जनरल होंगे। यात्री स्टेशन के काउंटर से टिकट लेकर सीधे सफर कर सकेंगे। फरीदाबाद औद्योगिक नगरी है, जहां बड़ी संख्या में प्रवासी कामगार रहते हैं। ऐसे में यह ट्रेन दिल्ली, फरीदाबाद, आगरा, ग्वालियर और झांसी के लोगों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।