खाना निगलने में परेशानी और बिना कारण वजन घटने को न करें नजरअंदाज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बहुत ज्यादा गर्म खाना और पेय पदार्थों का नियमित सेवन स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय तक बेहद गर्म भोजन या पेय पदार्थ लेने से खाने की नली (फूड पाइप) को नुकसान पहुंच सकता है। हालिया शोध में भी बहुत गर्म पेय पदार्थों के सेवन और खाने की नली के कैंसर के बढ़े जोखिम के बीच संबंध सामने आया है। ऐसे में लोगों को भोजन और पेय पदार्थों को सामान्य तापमान तक ठंडा होने के बाद ही लेने की सलाह दी गई है।
अध्ययन में पेय पदार्थ के तापमान और सेवन की आदत को खाने की नली के कैंसर के जोखिम से जोड़ा गया है। विशेषज्ञों के अनुसार केवल यह मायने नहीं रखता कि कोई व्यक्ति दिन में कितनी बार चाय या कॉफी पीता है, बल्कि उसका तापमान भी महत्वपूर्ण है। बहुत गर्म पेय पदार्थों के लगातार सेवन से खाने की नली की अंदरूनी परत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
निजी अस्पताल के डॉ. सनी जैन के अनुसार खाने की नली का कैंसर शुरुआती चरण में अक्सर स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाता। बीमारी बढ़ने पर खाना निगलने में परेशानी, भोजन के गले या छाती में अटकने का अहसास और बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना जैसे लक्षण सामने आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि कई बार लोग इन लक्षणों को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। इससे बीमारी की पहचान में देरी हो सकती है और मरीज अस्पताल पहुंचने तक कैंसर काफी आगे बढ़ चुका होता है। इसलिए लगातार बने रहने वाले लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
विशेषज्ञों के अनुसार भोजन और पेय पदार्थों को बहुत गर्म अवस्था में लेने से बचना चाहिए। चाय, कॉफी या अन्य गर्म पेय पदार्थों को थोड़ा ठंडा होने के बाद पीना बेहतर है। इसके अलावा खाना निगलने में लगातार परेशानी, भोजन अटकने का अहसास या बिना वजह वजन कम होने जैसे लक्षण दिखाई दें तो समय पर जांच करानी चाहिए, ताकि किसी बीमारी की पहचान शुरुआती चरण में ही की जा सके।