फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीजन का सबसे गर्म दिन रहा बृहस्पतिवार

विज्ञापन
विज्ञापन
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी में गर्मी ने अपने तेवर तीखे कर दिए हैं। रोज अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। आलम यह है कि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के साथ बृहस्पतिवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। लोग घरों में ही दुबके रहे। ऐेसे में मौसम विभाग ने फरीदाबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
विज्ञापन

मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत ने बताया कि बीते सात दिनों में फरीदाबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। 25 मार्च को शहर में दिन का तापमान 36 और रात में 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन अब पारा छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ 42 डिग्री सेल्सियस तक हो गया है। जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। इससे रात में भी गर्मी बढ़ने लगी है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार अब लगातार तापमान में बढ़ोतरी होगी। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
इसलिए बढ़ रहा तापमान
मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत ने बताया कि अक्सर मार्च में मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना रहती है। साथ ही बारिश होने से हवा में नमी के साथ तापमान में कमी आती है, लेकिन इस साल मार्च में किसी प्रकार का उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया। इसके चलते बलूचिस्तान-सेंट्रल पाकिस्तान से होते हुए राजस्थान के रेगिस्तान क्षेत्रों से चल रही गर्म हवा से तापमान बढ़ रहा है। इसका असर फरीदाबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है।
विज्ञापन

बरतें सावधानी-
स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय गुप्ता ने बताया कि जिस तरह से गर्मी बढ़ रही है। ऐसे में लोगों को काफी हद तक सावधानी बरतने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सड़क पर बेचे जा रहे कटे फल, गन्ने समेत अन्य फलों के जूस, ठेली-रेहड़ी का भोजन आदि करना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे डायरिया, एलर्जी आदि हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को गर्मी के मौसम में इस तरह के खान पानों से परहेज करना चाहिए। तापमान ज्यादा बढ़ने से शरीर से पसीना बहुत ज्यादा निकलता है ,जिससे शरीर में डिहाइड्रेशन यानी पानी की मात्रा कम हो जाती है। इससे रोगों से लड़ने की शक्ति कमजोर हो जाती है। गर्मी के मौसम में भोजन भी जल्दी खराब हो जाता है। पाचन तंत्र को मजबूत बनाने के लिए फाइबर युक्त आहार जैसे साबुत अनाज, चोकर, फल व सब्जियां, दालों का सेवन करें।
हीट वेव कब
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार हीट वेव को तब माना जाता है, जब किसी स्टेशन का अधिकतम तापमान मैदानी इलाकों के लिए कम से कम 40 डिग्री या उससे अधिक हो। तटीय स्टेशनों के लिए 37 डिग्री या अधिक और पहाड़ी क्षेत्र के लिए कम से कम 30 डिग्री या अधिक तक पहुंच जाता है। हीट वेव की घोषणा तब की जाती है जब तापमान सामान्य से 4.5-6.4 डिग्री अधिक होता है। गंभीर हीट वेव की स्थिति में अधिकतम तापमान 6.4 डिग्री से अधिक होता है। मैदानी इलाकों में गर्मी की लहर तब भी घोषित की जाती है, जब वास्तविक तापमान 45 डिग्री तक पहुंच जाता है। इससे ऊपर के तापमान को भीषण गर्मी की श्रेणी में रखा जाता है।
विज्ञापन

----------
सतर्क रहें
- दोपहर में घर या दफ्तर से बाहर निकलने से परहेज करें।
- धूप से आने के तुरंत बाद पानी नहीं पीएं।
- सड़क किनारे ठेली-रेहड़ी पर लगे खानपान से परहेज करें
- पानी खूब पीएं, सुबह सवेरे व्यायाम व योग जरूर करें, आदि।
- बच्चों व बुजुर्गों को दोपहर में घर से बाहर नहीं जाने दें।
-------
बीते सात दिनों का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
25 मार्च 36 डिग्री 22 डिग्री
26 मार्च 36 डिग्री 22 डिग्री
27 मार्च 41 डिग्री 21 डिग्री
28 मार्च 41 डिग्री 20 डिग्री
29 मार्च 41 डिग्री 20 डिग्री
30 मार्च 41 डिग्री 20 डिग्री
31 मार्च 42 डिग्री 23 डिग्री
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें