-20 किलोग्राम चांदी के आभूषण, चांदी की ईंट, अवैध हथियार और नकदी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले के थाना पिनगवां के अंतर्गत दर्ज ज्वेलर्स चोरी मामले में नूंह पुलिस ने शानदार सफलता हासिल की है। इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस द्वारा विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं आरोपियों की निशानदेही पर 20 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण और ईंट, अवैध हथियार तथा नकदी बरामद की है। पुलिस आगामी जांच में जुटी हुई है।
सहायक पुलिस अधीक्षक नूंह आयुष यादव ने सोमवार को प्रैसवार्ता में बताया कि 27/28 दिसंबर 2025 की रात बदमाशों ने पिनगवां में हरिओम ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए थे। इस चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। आरोपी आभूषणों की गठड़ी बांध सिर पर रखकर सीसीटीवी फुटेज में जाते साफ दिख रहे थे। इस घटना से जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। पुलिस अधीक्षक नूंह के निर्देश पर गठित 6 विशेष टीमों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान और तमिलनाडु में समन्वय के साथ छापेमारी की। इसके बाद सबसे पहले गुरुग्राम व नूंह पुलिस के साथ मुठभेड़ में मुख्य आरोपी यादराम निवासी बदायूं उत्तर प्रदेश, हाल निवासी जयपुर को गुरुग्राम से काबू किया।
जिसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर उसके मकान से 1.650 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए, फिर 23 जनवरी को बदमाशों को हथियार उपलब्ध कराने वाले अर्जुन निवासी बदायूं, हाल निवासी जयपुर को गिरफ्तार किया गया। इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए 25 जनवरी को नूंह सीआईए पुलिस की एक टीम ने आर्य सिंह उर्फ भारत निवासी बदायूं, हाल निवासी जयपुर/अजमेर को तमिलनाडु के सेलम से गिरफ्तार किया। इन सभी से अलग-अलग रिमांड अवधि के दौरान कड़ी पूछताछ की गई थी। सबसे पहले 23 जनवरी को यादराम के मकान से 1.650 किलोग्राम चांदी आभूषण बरामद किए गए, इसके बाद 28 जनवरी को आर्य सिंह से कासगंज यूपी से 5.691 किलोग्राम चांदी की ईंट बरामद हुई, 29 जनवरी को आर्य सिंह की पत्नी प्रीति की दुकान गहना ज्वेलर्स जयपुर से 12.910 किलोग्राम चांदी के आभूषण सहित 794.78 ग्राम और चांदी कुल लगभग 20.045 किलोग्राम चांदी की सामग्री मिली, एक फरवरी को आर्य सिंह के गांव धनुपुरा स्थित मकान से एक अवैध देशी कट्टा व एक जिंदा कारतूस और 5 लाख रुपये नकद मिले।