सरिया, पेंशन कार्ड और सेना को खाद सप्लाई के नाम पर की गई ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में आरोपियों ने सरिया बेचने, पेंशन कार्ड बनवाने और भारतीय सेना को खाद की आपूर्ति का ऑर्डर देने के बहाने 12.85 लाख रुपये ठग लिए। तीनों मामलों में आरोपियों ने पहले भरोसा कायम किया और इसके बाद रकम या बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर ठगी कर ली।
बल्लभगढ़ सेक्टर-62 निवासी दिलबाग सिंह के साथ 10.85 लाख रुपये की ठगी हुई। उन्होंने 14 अगस्त को ऑनलाइन राठी स्टील बार तलाशते समय मिले व्यक्ति से संपर्क किया। उसने खुद को सेल्स मैनेजर अमित कुमार बताया। 17 अगस्त को 5.50 लाख रुपये और 18 अगस्त को 5.35 लाख रुपये दो अलग-अलग खातों में भेजने के बाद भी सरिया नहीं पहुंचा। 19 अगस्त को आरोपी का फोन बंद हो गया। दूसरे मामले में सेक्टर 14 निवासी कपड़ा कारोबारी विनेश आहुजा से पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर एक लाख रुपये की ठगी हुई। 15 अगस्त को इंस्टाग्राम पर पेंशन कार्ड का विज्ञापन देखने के करीब एक घंटे बाद फोन आया। फोन करने वाले ने कार्ड बनाने के लिए क्रेडिट कार्ड की जानकारी मांगी। जानकारी देने के कुछ देर बाद उनके क्रेडिट कार्ड से अमेजन पर एक लाख रुपये का भुगतान हो गया।
एसजीएम नगर निवासी नरेश से सेना को खाद सप्लाई का ऑर्डर देने के नाम पर एक लाख रुपये ठगे गए। चार अगस्त को आरोपी ने खुद को पालम स्थित सेना स्टेशन का कर्मचारी बताकर 25 टन वर्मीकम्पोस्ट का ऑर्डर देने की बात कही थी। छह अगस्त को खरीद आदेश के बाद वेंडर कोड बनाने के नाम पर 50-50 हजार रुपये दो खातों में जमा कराए गए। बाद में 57,500 रुपये और मांगे गए तो नरेश को ठगी का शक हुआ। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर संबंधित साइबर अपराध थानों ने 21 और 22 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।