बल्लभगढ़। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार देर रात बल्लभगढ़ स्थित दो क्लीनिक पर गर्भपात संबंधी दवाएं बेचने के आरोप में छापा मारा। विभाग की टीम के साथ अग्रसेन चौकी की पुलिस के सहयोग से दो झोलाछाप और एक फार्मासिस्ट को गिरफ्तार किया है।
सीएमओ डॉ. विनय गुप्ता को सूचना मिली थी कि त्रिखा कॉलोनी और 20 फुट रोड स्थित क्लिनिक संचालक अवैध तरीके से गर्भपात संबंधी दवाएं बेच रहा है। सूचना के आधार पर एसएमओ डॉ. हरजिद्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जिसमें डॉ. सन्नी डहनवाल, डॉ. राखी और डॉ. राशि शामिल रहे। कार्रवाई के लिए एक नकली ग्राहक को तैयार किया गया। उसके बाद त्रिखा कॉलोनी स्थित बंगाली क्लिनिक पर उस नकली ग्राहक को गर्भपात की गोलियां खरीदने के लिए भेजा गया। क्लीनिक पर पहुंच ग्राहक ने फर्जी डॉ. विवेकानंद से गर्भपात की गोली मांगी। जिसके बाद ग्राहक से 600 रुपये लेकर 20 फुट रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर पर लेकर गए और 500 रुपये देकर गर्भपात की दवा खरीद ली। जिसके बाद डॉ. विवेकानंद ने 100 रुपये अपने पास रखकर दवा नकली ग्राहक को दे दी।
इस पर टीम ने गर्भपात की दवा अपने कब्जे में ले ली और विवेकानंद को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा 20 फुट रोड स्थित आयुष क्लिनिक पर भी छापेमारी की। जहां पर खुद को डॉक्टर बताने वाले योगेश और फार्मासिस्ट विजय को गिरफ्तार किया गया। योगेश ने 500 रुपये में गर्भपात की दवा ग्राहक को बेची थी। डॉ. हरजिद्र सिंह ने बताया कि तीनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दे दी गई है और साथ ही क्लीनिक संचालकों से पैसे भी बरामद कर लिए गए हैं।